हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज क्षेत्र अंतर्गत बेलौदर मुहल्ले में बुधवार दोपहर एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई ।जानकारी के अनुसार मुहल्ला के पश्चिम दिशा स्थित आहर में करीब एक बजे घुटने भर पानी में शव देखा गया । जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी । सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार, एसआइ संतोष कुमार, एएसआइ विनोद राय एवं भूपेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया । मृतका की पहचान बेलौदर के स्वo रामदहीन सिंह की 82 वर्षीय पत्नी गुलबासो कुंवर के रूप में हुई है । बताया जाता है कि महिला मंगलवार शाम से ही लापता थी । इस संबंध में बुधवार सुबह उनके बड़े पुत्र ब्रजबिहारी सिंह ने थाना में गुमशुदगी का सन्हा दर्ज कराया था । थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में मिला है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा । पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है ।

