हरिहरगंज (पलामू )
पिपरा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान स्टोन चिप्स से लदा एक हाइवा ट्रेलर जब्त किया है । यह कार्रवाई थाना प्रभारी बिमल कुमार के नेतृत्व में की गई । थाना प्रभारी ने बताया कि हाइवा ट्रेलर में लदा स्टोन चिप्स बिना चालान के हरिहरगंज के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था । गुप्त सूचना के आधार पर मेदिनीनगर–औरंगाबाद मुख्य मार्ग एनएच-98 स्थित चपरवार मोड़ के पास छापेमारी कर हाइवा ट्रेलर (बीआर 01 जीपी 9621) को जब्त किया गया । ट्रक जब्ती की सूचना तत्काल डीएमओ को दे दी गई है । डीएमओ के जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी । इस अभियान के बाद अवैध खनन व बिना चालान स्टोन चिप्स ढोने वाले ट्रक संचालकों में हड़कंप है ।

