हाइवा-ऑटो की टक्कर, ऑटो सवार महिला की मौत,दो गंभीर

हरिहरगंज ( पलामू )

पिपरा थाना क्षेत्र के घांसीखाप चपरवार मोड़ के समीप फोरलेन सर्विस रोड पर रविवार को हाइवा और ऑटो की टक्कर में ऑटो पर सवार एक महिला की मौत हो गई । जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये । टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया जिससे उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई । मृतका की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के सहरसवा गांव निवासी शीला देवी (45 वर्ष) तथा घायल उसके पति प्रसाद भुईयां तथा पांडू थाना क्षेत्र के बेलहारा गांव निवासी सुजीता देवी (26 वर्ष) पति निरंजन भुईयां के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लोग ऑटो से हरिहरगंज के कौवाखोह से छतरपुर की ओर जा रहे थे । इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा (जेएच 03एस 6029) ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी । घटना के बाद एनएचएआई 1033 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया । जहां चिकित्सकों ने शीला देवी को मृत घोषित कर दिया । वहीं प्रसाद भुईयां व सुजीता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया । इस संबंध में पिपरा थाना प्रभारी बिमल कुमार ने बताया कि पुलिस ने हाइवा व ऑटो को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है । मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया गया है ।

Leave a Reply