हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ईद, छठ और रामनवमी पर्व शांति पूर्ण माहौल में मनाने को लेकर थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता छतरपुर एसडीओ हिमांशु लाल ने किया। जबकि संचालन पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने किया। बैठक में छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव, सीओ मनीष कुमार सिंहा, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० गोपाल प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित हुए। बैठक में मौजूद पूजा समितियों और गणमान्य लोगों से पर्व को लेकर कई सुझाव लिए गए। जुलूस और झांकी के दौरान शांति व्यवस्था को लेकर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध करने, जुलूस मार्गों की साफ सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। इस दौरान ईद पर्व को लेकर भी मुस्लिम धर्मावलंबियों ने कई जरूरी सुझाव दिए। इस दौरान सभी ने आपसी भाईचारे,सौहार्द और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया । एसडीओ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कहा कि अगर निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया तो निश्चित रूप से कानूनी कार्रवाई होगी। यह संवैधानिक वैधता है। वहीं उन्होंने निकाले जाने वाले झांकीयों की सूचना पहले प्रशासन को देना जरूरी बताया। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक मैसेज नहीं करने, जुलूस निर्धारित समय पर ही निकालने, सुरक्षा कारणों से जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रखने तथा जुलूस में मेडिकल टीम रखने की बात कही। एसडीपीओ ने कहा कि पर्व को लेकर जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण दायित्व है इसका हमेशा ख्याल रखें। उन्होंने अफवाहों से बचते हुए कोई भी असामाजिक तत्वों की सूचना सीधे प्रशासन को देने का निर्देश दिया। मौके पर एसआई कुमार सौरभ, अविनाश कुमार, अजय सिंह, एएसआई विनोद राय, सुनील यादव, मुन्ना कुमार, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि के अलावे जानू चौधरी, बलू बलराम, भोला गुप्ता, प्रमोद कुमार रवि,जेपी गुप्ता,मो. अतहर हुसैन, इरफान साहिद, गंगा जायसवाल, विश्वदीप कुमार, बुधन यादव, राजीव रंजन सहित कई लोग मौजूद थे।

