बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय की मेन रोड स्थित पुरानी बस्ती में डॉक्टर विजय सिंह के आवासीय परिसर मैदान में एक दिवसीय भव्य सत्संग सह प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में हरिद्वार के निरंजनी अखाड़ा से पधारे श्री अनंत विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी निर्भयानंद पुरी जी महाराज मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महात्मा श्री ज्ञान प्रकाश आचार्य, प्रेम नारायण सहित कई संतों का आगमन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संतों ने समाज की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए उसमें फैली बुराइयों और उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। महामंडलेश्वर स्वामी निर्भयानंद पुरी जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि समाज से बुराइयों को समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सबसे पहले अपने भीतर की नकारात्मक सोच और दोषों को दूर करना होगा। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो इसका दुष्प्रभाव व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है।
सत्संग के दौरान दिल्ली, हरियाणा समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आए संतों और कलाकारों ने अपने भक्ति भजन, कथा और प्रवचन से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व विधिवत आरती की गई और भंडारा का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, डॉ. विजय सिंह, गीता सिंह, यूथ कांग्रेस नेता विजय बहादुर सिंह, रविंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, अमित राज सिंह, नवीन कुमार सिंह, आनंद अग्रवाल, ईश्वर चंद्र उपाध्याय, छोटे सिंह, शशि सिंह, अंजलि सिंह, संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

