बरवाडीह (लातेहार)
प्रखंड क्षेत्र के सरईडीह स्थित शिव मंदिर बाजार में चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी पूजा का विधिवत शुभारंभ कलश स्थापना के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर ग्रामीणों में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।मंदिर परिसर में पंडित उमेश मिश्रा द्वारा विधिपूर्वक पूजा संपन्न कराई गई, जिसमें यजमान के रूप में अनिल प्रसाद, खुशबू कुमारी सहित कई श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता, उमेश प्रसाद, जोखन प्रसाद, आशिष प्रसाद सहित अन्य सदस्य पूरे आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पूजा लगातार नौ दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन विशेष पूजन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। वहीं, दशमी के दिन भव्य रामनवमी जुलूस निकाला जाएगा, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रहेगा।
रामनवमी को लेकर ग्रामीणों में गहरी आस्था और उत्साह देखा जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।

