महिला ने अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर छोड़कर नीचे छलांग लगाई, स्थिति गंभीर

मेदिनीनगर (पलामू)

शहर थाना क्षेत्र स्थित कोयल पुल पर बुधवार सुबह लगभग 10 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर छोड़कर नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी बाधित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ पुल पर पहुंची थी। कुछ देर तक वह पुल पर खड़ी रही और अचानक बच्चों को वहीं छोड़कर नीचे नदी की ओर छलांग लगा दी। घटना को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही टीओपी के 3 टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान को घटना की जानकारी दी। पुलिस की तत्परता से घायल महिला को तुरंत उठाकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार महिला की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावागेठा गांव निवासी आरती देवी (पति– शशि राम) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसका मायका चैनपुर थाना क्षेत्र के गर्दा नेउरा गांव में है।

फिलहाल महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए कोयल पुल पर लोगों की भीड़ जुट जाने से जाम की स्थिति बन गई, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराया।

Leave a Reply