आजसू में शामिल हुए कई नेता, सुदेश महतो ने कहा– सकारात्मक सोच से मिलती है संगठन को नई ऊर्जा

राजधानी रांची के हरमू स्थित आजसू पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नए सदस्यों का पार्टी का पट्टा पहनाकर और माला से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जब सकारात्मक सोच और जनहित की भावना रखने वाले लोग संगठन से जुड़ते हैं, तो पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के आने से संगठन का विस्तार और प्रभाव और बढ़ेगा।

इस दौरान सुदेश महतो ने पत्रकारों के सवालों का भी जवाब दिया। राज्य में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जिस प्रक्रिया से चुनाव कराने की तैयारी हो रही है, उससे कई तरह की शिकायतें सामने आ सकती हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए जाने पर जोर दिया।

आगामी बजट सत्र को लेकर उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले बजट में विभिन्न क्षेत्रों के लिए किए गए वादों और प्रावधानों की जमीनी हकीकत का आकलन होना चाहिए। सरकार को यह बताना चाहिए कि कितनी योजनाएं धरातल पर उतरीं और जनता को उनका कितना लाभ मिला।

वहीं लोकसभा अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव संबंधी नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए सुदेश महतो ने कहा कि इसे वह संसदीय प्रक्रिया का हिस्सा मानते हैं।

Leave a Reply