हरिहरगंज ( पलामू )
हरिहरगंज स्थानीय अररूआ खुर्द स्थित मिडिल स्कूल के मैदान में आगामी 1 मार्च को होनेवाले जनता व प्रशासन होली मिलन समारोह को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सह कार्यक्रम के संयोजक कमलेश कुमार यादव व संचालन अमित कुमार सिंह ने किया। मौके पर कमलेश कुमार यादव ने कहा कि वर्ष 2017 से सफलतापूर्वक जनता व प्रशासन द्वारा क्षेत्र में होली महोत्सव का आयोजन होते आ रहा है। होली प्रेम व आपसी भाईचारे का पर्व है। इसे सभी लोगों को मिल जुलकर मनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों, बुद्धिजीवी व समाजसेवियों से दलगत भावना से ऊपर उठकर होली मिलन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। कार्यक्रम में छपरा के प्रसिद्ध ब्यास सुजीत स्नेही तथा सीवान के ब्यास अजीत हलचल के बीच दुगोला कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा । बैठक में राजा सिंह, राजकुमार पासवान, विनोद राम, रवि कुमार, सतेन्द्र पासवान, बलराम साव , विकास कुमार, सोनू साव , कामेश्वर राम, छोटू चौधरी समेत कई लोग मौजूद थे।

