एससी महिला संभालेगी सत्ता की कमान हरिहरगंज ( पलामू ) नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सरगर्मी तेज हो गई है। नगर पंचायत के गठन के करीब सात वर्ष बाद हरिहरगंज में पहली बार शहर की सरकार बनेगी । अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है । ऐसे में एससी महिला के हाथों में सत्ता की कमान होगी। महिला राजनीति में भी कई नए चेहरे उभरने की उम्मीद है। बताते चलें कि हरिहरगंज अंचल के पांच पंचायत के 12 राजस्व गांव हरिहरगंज, सतगांवा वैद्य विगहा, अररूआ खुर्द, अररुआ कला ,बेलौदर, भगत तेंदुआ, खाप कटैया, पिपरा, बिशनपुर, डेमा तथा अंबा को मिलाकर नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है। इसकी कुल क्षेत्रफल 11.66 वर्ग किलोमीटर है। कुल 16 वार्ड में से 7 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित है। इनमें 4 अनारक्षित, 1 ओबीसी तथा 2 एससी वर्ग की महिला चुनाव लड़ेंगी। वहीं शेष 9 वार्ड में 4 अनारक्षित,3 ओबीसी तथा 2 एससी वर्ग के प्रत्याशी चुनाव में भाग्य आजमाएंगे। नगर पंचायत क्षेत्र के 23 बूथों पर 11362 पुरूष तथा 11362 महिला कुल 22482 मतदाता नगर अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के लिए मतदान करेंगे।