पलामू व्याघ्र परियोजना में वृद्ध जंगली हाथी की मौत, पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया शव

लातेहार (पलामू)

पलामू व्याघ्र परियोजना अंतर्गत बारेसाढ़ परिक्षेत्र के बीसी-9 क्षेत्र स्थित आसान पानी स्थान पर एक वृद्ध जंगली हाथी की मौत हो गई। हाथी का शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। रविवार को गारू, मनिका और छिपादोहर से आए पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग की निगरानी में हाथी के शव को उसी स्थान पर विधिवत दफना दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए बारेसाढ़ परिक्षेत्र के रेंजर नंदकुमार मेहता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत वृद्धावस्था के कारण होने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि हाथी के शरीर पर गोली, करंट या किसी अन्य प्रकार की बाहरी चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे शिकार या आपराधिक गतिविधि की आशंका से फिलहाल इनकार किया जा सकता है। रेंजर ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान सभी आवश्यक जैविक नमूने सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। वन विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। मौके पर वनपाल निर्भय कुमार सिंह, वनरक्षक अरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में वन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply