बरवाडीह (लातेहार)
समाहरणालय, लातेहार (निर्वाचन शाखा) के निर्देशानुसार Booth Level Agents (BLA-2) के प्रशिक्षण एवं आगामी मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर बरवाडीह प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज ने की। इसमें विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने बताया कि मंत्रिमंडल(निर्वाचन) विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने हेतु राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त Booth Level Agents (BLA-2) को प्रशिक्षण दिया जाना अनिवार्य है। यह प्रशिक्षण 28 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने दलों के बीएलए-2 को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में शामिल कराएं। साथ ही यह भी कहा कि यदि BLA-1 भी प्रशिक्षण में भाग लेना चाहें तो उन्हें भी अवसर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए आवश्यक पीपीटी एवं दिशा-निर्देश राज्य स्तर से प्राप्त होते ही उपलब्ध कराए जाएंगे।बैठक में विशेष रूप से वर्ष 2003 में जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है, उन्हें जागरूक कर मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया गया। बीडीओ ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं मतदाता प्रतिज्ञा की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्भीक, निष्पक्ष और जागरूक मतदाता अत्यंत आवश्यक हैं।बैठक में कांग्रेस पार्टी के विस सुत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी, , राजद प्रखंड अध्यक्ष आदित्य यादव तथा झारखंड मुक्ति महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष आरती देवी दास सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।

