सड़क दुर्घटना में जवान घायल, पलामू आईजी का है बॉडीगार्ड

लातेहार (झारखंड)

रांची-मेदिनीनगर राष्‍ट्रीय उच्‍च पथ-75 पर सदर थाना क्षेत्र के कोमो नर्सरी के पास एक सड़क हादसे में पुलिस का जवान नीरज कुमार गंभीर रूप घायल हो गये. श्री कुमार पलामू आईजी के बॉडीगार्ड के रूप में कार्यरत हैं. जानकारी के अनुसार मेदिनीनगर के बैरिया चौक निवासी नीरज कुमार अपनी बाइक से मेदिनीनगर से रांची जा रहे थे. राची से उन्हें कोलकाता के लिए ट्रेन पकड़नी थी.श्री कुमार जब लातेहार के कोमो नर्सरी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक काले रंंग की अज्ञात स्कॉर्पियो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्‍कॉपियो से कुछ लोग उतरे और घायल की बाइक की चाबी अपने साथ ले कर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल लातेहार पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया.

इलाज कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि नीरज कुमार के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है. पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply