विश्रामपुर (पलामू)
कड़ाके की ठंड के बीच नावाबाजार प्रखंड अंतर्गत बसना पंचायत के दमारो गांव में प्रशासन की ओर से आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम ने जरूरतमंद ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुंचाई। इस कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी रेणु बाला स्वयं गांव पहुंचीं और बुजुर्ग, असहाय, दिव्यांग एवं गरीब परिवारों को चिन्हित कर अपने हाथों कंबल वितरित किए। प्रशासन की इस मानवीय पहल से गांव में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र में बीडीओ की मौजूदगी को ग्रामीणों ने प्रशासन की संवेदनशीलता का प्रतीक बताया। वितरण के दौरान बीडीओ रेणु बाला ने प्रत्येक परिवार की स्थिति की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी वास्तविक जरूरतमंद ठंड से राहत से वंचित न रहे। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों को भी निर्देश दिया कि सर्वे के माध्यम से ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जाए, जो अब तक सहायता से वंचित रह गए हों।
इस अवसर पर बीडीओ रेणु बाला ने कहा कि “सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता और लक्ष्य है। शासन की मंशा है कि ठंड, भूख या किसी भी परिस्थिति में कोई भी गरीब परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।” उन्होंने आगे कहा कि शीतलहर के मद्देनज़र प्रखंड क्षेत्र के अन्य गांवों में भी इस तरह के राहत कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी अधिकारी ने खुद गांव आकर उनकी समस्याएं सुनीं और सहायता पहुंचाई। उन्होंने बीडीओ रेणु बाला एवं प्रखंड प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल ठंड से बचाव का साधन हैं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं।

