विश्रामपुर (पलामू)
विश्रामपुर प्रखंड अंतर्गत खुटिसोत नदी के पावन तट पर स्थित प्रसिद्ध बाबा महत्वना धाम में आज यानी 31 दिसंबर, साल के अंतिम दिन भव्य और ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरा धाम क्षेत्र आकर्षक सजावट से जगमगा उठा है। आस्था, भक्ति और मनोरंजन के संगम के रूप में यह मेला हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है।
धाम के पुजारी सरयू चौधरी ने बताया कि इस वर्ष मेले को अविस्मरणीय बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए बच्चों के झूले, जंपिंग झूला, खेल-तमाशे सहित अनेक आकर्षण लगाए गए हैं। युवाओं और पर्यटकों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया है, जहां लोग यादगार पलों को कैमरे में कैद कर सकेंगे।
मेले की खास बात यह है कि पूरे दिन भोजपुरी दुगोला और भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहेगा। कलाकारों की प्रस्तुतियां देर रात तक श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
गौरतलब है कि बाबा महत्वना धाम का यह मेला सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पिकनिक स्थल के रूप में भी प्रसिद्ध है। प्रकृति की गोद में बसे इस रमणीय धाम में दूर-दूर से श्रद्धालु व पर्यटक पहुंचते हैं और परिवार संग पिकनिक का आनंद उठाते हैं।
प्रशासन और मेला समिति द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे में श्रद्धालुओं और दर्शकों से अपील की गई है कि वे समय पर पहुंचकर बाबा महत्वना धाम मेले की भव्यता और भक्ति का भरपूर आनंद लें।

