हरिहरगंज ( पलामू )
पिपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव निवासी राजकेश्वर यादव की करीब 35 वर्षीय पत्नी बेबी देवी का खून से लथपथ शव उसके घर से बरामद किया गया है। बताया जाता है कि बेबी देवी राजकेश्वर यादव की दूसरी पत्नी थी। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं । सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल के बाद अंत्यपरीक्षण के लिए सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है। पुलिस ने पास-पड़ोस के लोगों के साथ ही मृतका के मायके पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की है। वहीं घटनास्थल से टांगी तथा वजन बटखारा बरामद किया है। मृतका के भाई बिहार के औरंगाबाद जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भरथौली बाला करमा डोमन बिगहा गांव निवासी अजय यादव ने अपने बहन के पति के अलावे भैंसूर कामेश्वर यादव, गोतनी झीनिया देवी, सौतेला पुत्र पिंटू यादव, पुत्रवधू रिंकी देवी, सौतेली पुत्री पिंकी देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अजय यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि उसकी बहन कहीं दिखाई नहीं दे रही है और घर बंद पड़ा है। सूचना पर जब वह अपनी बहन के ससुराल पहुंचा। तो वहां घर के सभी सदस्य गायब मिले। तब उसने पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में पिपरा थाना प्रभारी बिमल कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया शव देखने से प्रतीत होता है कि धारदार हथियार से हत्या की गई है । पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

