सीता प्लस टू उच्च विद्यालय में चारदीवारी पुनर्निर्माण में अनियमितता का आरोप

हरिहरगंज (पलामू)

जिले के हरिहरगंज प्रखंड अंतर्गत सीता प्लस टू उच्च विद्यालय में चारदीवारी पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें संवेदक द्वारा घटिया निर्माण कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। कार्यस्थल पर योजना संबंधित बोर्ड नहीं लगाया गया है। जिससे निर्माण कार्य एजेंसी, प्राक्कलित राशि, संबंधित विभाग आदि की जानकारी लोगों को नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों ने संवेदक के द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग करने एवं अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। जिसमें पुराने चारदीवारी सहित निम्न कोटि के ईंट का प्रयोग कर निर्माण करने का आरोप है। साथ ही मिट्टी युक्त बालू तथा घटिया क्वालिटी की गिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। हरिहरगंज मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि यह विद्यालय प्रखंड क्षेत्र का एकमात्र प्लस टू विद्यालय है। यहां सैंकड़ों छात्र -छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। वर्षों प्रतिक्षा के बाद चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। परंतु चारदीवारी निर्माण में निम्न गुणवत्ता के सामग्री का उपयोग किया जाना घोर अनियमितता है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुसार होना चाहिए। संवेदक को मनमानी नहीं करने दी जाएगी। इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी। उधर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय प्रसाद राय ने कहा कि पुराने ईंट का प्रयोग कर चारदीवारी निर्माण कराना गलत है । इस मामले में संवेदक से फोन कर जानकारी लेने का प्रयास किया गया । किंतु संवेदक द्वारा फोन नहीं उठाया गया।
आरोप की जांच की जाएगी: एसडीओ
इस मामले में प्रशिक्षु आईएएस सह छतरपुर एसडीओ आशीष गंगवार ने कहा कि संवेदक द्वारा निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग कर निर्माण कार्य कराना अनियमितता है। उक्त आरोपों की जांचोपरांत दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply