- तीन माह से नही मिला है विक्रेताओं को खाद्यान्न,कार्डधारियों के समक्ष भुखमरी की स्थिति
- विश्रामपुर (पलामू)
भारतीय खाद्य निगम के पड़वा गोदाम प्रबंधक की मनमानी से परेशान जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं ने खाद्य सुरक्षा आयोग को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में विक्रेताओं ने कहा है कि गोदाम प्रबंधक प्रभु राम मनमाने तरीके से जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को खाद्यान्न उपलब्ध करा रहे हैं। इनके द्वारा मई माह में किसी भी विक्रेता को खाद्यान्न नही दिया गया। जून माह में भी 64 में से 22 विक्रेताओं को खाद्यान्न दिया ही नहीं गया। जुलाई माह मे भी मात्र आठ से दस विक्रेताओं को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। जबकि नियमतः वर्तमान में अगस्त माह का खाद्यान्न इन्हे उपलब्ध कराना चाहिए था। लेकिन लगातार तीन माह से राशन उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्डधारियों के बीच खाद्यान्न का वितरण नही हो पा रहा है। जिसके चलते कई कार्डधारियों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विक्रेताओं ने खाद्य सुरक्षा आयोग से गोदाम प्रबंधक प्रभु राम के कार्यकाल की जांचोपरांत कार्रवाई की मांग की है। आयोग से विक्रेताओं ने खाद्यान्न जल्द उपलब्ध करवाने का भी मांग किया है। ताकि जरूरतमंद परिवारों के बीच उनका वितरण किया जा सके.यहां बताते चलें कि पहले खाद्य निगम के विश्रामपुर गोदाम से ही पांडू,उंटारी,नावा बाजार प्रखंड के डिलार खाद्यान्न का उठाव करते थे.लेकिन कुछ वर्ष पूर्व नावा बाजार प्रखंड के विक्रेताओं को पड़वा एफसीआई गोदाम से जोड़ दिया गया। जिसके बाद पड़वा गोदाम से ही डीलर खाद्यान्न का उठाव करते हैं। लेकिन बीते कुछ माह से गोदाम प्रबंधक प्रभु राम नावा बाजार प्रखंड के डिलरो के साथ भेदभाव बरत रहे हैं। जिसके कारण जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं में रोष व्याप्त है। इधर वरीय राजद नेता ओम प्रकाश गुप्ता ने गोदाम प्रबंधक पर बारह हजार क्विंटल खाद्यान्न का कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

