राहुल के घर परिवार सहित गांव में जश्न का माहौल
विश्रामपुर (पलामू )
अपने सपने को साकार करने के लिए प्रतियोगी छात्र जहां दिन रात एक कर देते हैं, वहीं सफलता मिलने पर न केवल स्वयं बल्कि सपनों को पूरा कराने में पसीना बहाने वाले माता-पिता का भी सीना चौड़ा हो गया। नावाबाजार प्रखंड क्षेत्र के ब्रहमोरिया गांव निवासी राहुल कुमार पांडेय ने नीट परीक्षा में सफलता अर्जित कर अपने सपनों को पंख देते हुए 720 में 695 अंक प्राप्त कर लक्ष्य को उड़ान दिया है। एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाला प्रतिभावान छात्र राहुल कुमार पांडेय ने दम दिखाया। यह ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे के द्वारा प्राप्त की गई एक अद्वितीय उपलब्धि से कम नहीं। राहुल की सफलता पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। राहुल के माता-पिता सहित सगे संबंधी व गांव के लोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे है।
विदित हो कि राहुल कुमार पांडेय ब्रहमोरिया गांव निवासी श्रीराम नारायण पांडेय के पुत्र हैं। जो अपनी मेहनत व समर्पण से यह सफलता प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता सहित शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने अनुशासन व अध्ययन की नियमितता के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। राहुल का भाई इश्वर चंद पांडेय सोफ्टवेयर इंजीनियर है।
नीट परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित करने वाले राहुल कुमार पांडेय ने बताया कि उसका लक्ष्य एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेकर मेडिकल की पढ़ाई करना है। वह डॉक्टर बन समाज की सेवा करना चाहता है। इधर राहुल की सफलता पर परिवार, सहित गांव समाज व शुभचिंतकों ने बधाई दी है। बधाई देने वालों में पंचायत समिति सदस्य हरिशंकर दुबे, रामानुजम पांडेय, नागेंद्र पांडेय, सुनील कुमार दुबे, रघुवीर नारायण पांडेय, विनय पांडेय आदि का नाम शामिल हैं।

