पाटन (पलामू)
छत्तरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केरकी में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 19 वर्षीय उपेंद्र लोहार को एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि वह लेबर सप्लाई का काम करता है और चार दिन पहले एक ठेकेदार से छह मजदूर देने के एवज में ₹50,000 लिए थे। एक मजदूर के नहीं पहुंचने पर ठेकेदार ने उस पर दबाव बनाया और घर आकर गाली-गलौज करने लगा, जिससे परेशान होकर उसने हथियार निकालकर डराने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

