मेदिनीनगर (पलामू)
पोस्टमार्टम में विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही होगी तय, अल्ट्रासाउंड मशीनों को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं आमजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त श्री शेखावत ने एमएमसीएच में हाल के दिनों में पोस्टमार्टम में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने एमएमसीएच के अधीक्षक से देरी के कारणों, ड्यूटी रोस्टर के अनुपालन तथा संबंधित समय पर तैनात चिकित्सक के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पोस्टमार्टम कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए चिकित्सकों की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में पोस्टमार्टम में देरी होने पर संबंधितों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने एमएमसीएच में पिछले कई दिनों से खराब पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीनों को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मशीनों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित कराने तथा इसकी सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को जांच की सुविधा के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न मानकों एवं कार्यों की समीक्षा की गयी।उपायुक्त श्री शेखावत ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा आमजनों को ससमय बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, अपर समाहर्ता श्री कुंदन कुमार, एमएमसीएच अधीक्षक, सिविल सर्जन डॉ. अनिल, विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

