हरिहरगंज में सजा शिव गुरु महोत्सव, उमड़ा आस्था का सैलाब

औरंगाबाद, नबीनगर, देव, जपला, छतरपुर व पिपरा समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शिव शिष्य

हरिहरगंज (पलामू )

स्थानीय सीता प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान में रविवार को एक दिवसीय क्षेत्रीय शिव गुरु महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ । शिव शिष्य परिवार हरिहरगंज के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में औरंगाबाद, नबीनगर, देव, अंबा , जपला, छतरपुर व पिपरा समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिव शिष्य पहुंचे । कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी व नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सह समाजसेवी विनोद चौधरी उर्फ जानू चौधरी ने भगवान शिव की प्रतिमा तथा हरिद्रानंद जी व नीलम दीदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया । इसके बाद शिव शिष्यों ने सामूहिक भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया । भक्ति गीतों से पूरा माहौल शिवमय रहा ।
महोत्सव में गुरु शिव की महिमा, शिव शिष्य बनने के उद्देश्य तथा गुरु से जुड़ने के मार्ग पर चर्चा की गई । जिला संयोजक आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में शिव शिष्यों ने भाग लिया । आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष सत्यनारायण शौंडिक, सचिव संतोष प्रजापति व कोषाध्यक्ष राजू प्रसाद गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही । सुधा मेहता, शिक्षक मृत्युंजय, मुरारी प्रजापति, दिलीप कुमार उर्फ बबलू, मुन्ना पांडेय व आलोक सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई । वहीं कार्यक्रम में थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार के नेतृत्व में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही ।

Leave a Reply