बारियातू (लातेहार)
बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। मां दुर्गा के स्वरूप में सजी नन्हीं कन्याओं ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आराधना के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय की कक्षा अरुण से द्वितीय तक की कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र राम सहित सभी आचार्य-आचार्याओं ने कन्याओं के पैर धोकर, तिलक लगाकर उनका पूजन किया। इसके बाद मां दुर्गा की आरती की गई और कन्याओं सहित उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
प्रधानाचार्य जितेंद्र राम ने कहा कि शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना का विशेष महत्व है। मां दुर्गा शक्ति की प्रतीक हैं। उनकी पूजा-अर्चना से सुख, समृद्धि और आशीर्वाद की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या पूजन की विशेष परंपरा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में धार्मिक आस्था, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास होता है।
उन्होंने बताया कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों में कन्या पूजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना तथा उनमें बालिकाओं और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों सहित सभी आचार्य उपस्थित थे।

