लातेहार- दुर्गाबाड़ी में भागवत कथा का शुभारंभ, कथा श्रवण से दूर होते हैं मनुष्य के कष्ट

भक्त प्रह्लाद की कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गाबाड़ी में बुधवार को भागवत कथा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। जिला परिषद सदस्य रमेश राम, पूजा समिति के अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि देवनंदन प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि किशोर प्रसाद, थाना प्रभारी अनूप कुमार, एएसआई छोटू पंडा, कथावाचिका तनु श्री दीदी जी और रीगन कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद लड्डू गोपाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया गया।
भागवत कथा के प्रथम दिन वृंदावन धाम से पधारीं कथावाचिका तनु श्री दीदी जी ने श्रद्धालुओं को भगवान की महिमा और सच्ची भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति मिलती है और जीवन में सदाचार एवं सकारात्मक विचारों का संचार होता है। भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा और विश्वास रखने वाले भक्तों पर सदैव उनकी कृपा बनी रहती है।
कथा के दौरान कथावाचिका ने भक्त प्रह्लाद के प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भक्त प्रह्लाद ने विपरीत परिस्थितियों और अनेक कठिनाइयों के बावजूद भगवान विष्णु के प्रति अपनी अटूट आस्था बनाए रखी। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार धारण किया और अपने भक्त की रक्षा के लिए प्रकट हुए। यह प्रसंग संदेश देता है कि सच्चे मन से भगवान की आराधना करने वाले भक्तों की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं।
कथावाचिका ने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से धार्मिक आयोजनों में भाग लेने, आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने तथा धर्म के मार्ग पर चलने की अपील की। कथा के दौरान भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। वहीं कथा के साथ साथ मनमोहक झांकियां प्रस्तुत किया गया।भागवत कथा के शुभारंभ पर काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply