अनियंत्रित कार ने 6 वर्षीय बालक को मारी टक्कर, स्थिति गंभीर

हरिहरगंज (पलामू)

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह स्थित फोरलेन सड़क पर मंगलवार की देर शाम सड़क पार कर रहे छह वर्षीय बालक को अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया । प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के डुमरिया निवासी धनंजय यादव का छह वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार कौवाखोह निवासी अपने बुआ के घर रह रहा था। मंगलवार की देर शाम उसकी बुआ घर के समीप स्थित मंदिर में दीप जलाने जा रही थीं। उसके पीछे-पीछे अंकुश भी निकल गया, जिसकी जानकारी बुआ को नहीं थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय हुंडई कार (सीजी 04 एमडी 4105) ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिजन स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल बालक के ममेरे भाई बिट्टू कुमार ने बताया कि अंकुश को औरंगाबाद सदर अस्पताल से भी रेफर के बाद मगध मेडिकल कॉलेज गया में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

Leave a Reply