मेदिनीनगर (पलामू)
दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण विसर्जन को लेकर तीन पंचायतों की पूजा समितियों की बैठक
सरईडीह शिव मंदिर परिसर में हुई बैठक, पूजा समिति के अध्यक्षों और सचिवों को अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित
बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के सरईडीह शिव मंदिर के प्रांगण में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाने तथा शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। शिव मंदिर के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में तीन पंचायतों की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों एवं सचिवों ने भाग लिया।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने के साथ निर्धारित समय पर प्रतिमा विसर्जन कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पूजा समितियों से पूजा एवं विसर्जन के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक आयोजन संपन्न कराने की अपील की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी पूजा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने पर सहमति जताई।
इस अवसर पर शिव मंदिर के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्षों एवं सचिवों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी समितियों से मिल-जुलकर दुर्गा पूजा का आयोजन करने और विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में केचकी, बखोरी डेरा, पोखरी कला, कुटमू, अखरा, पोखरी खुर्द और कोलपुरवा सरईडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों की पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी समितियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर चर्चा किया गया ।मौके पर जोखन प्रसाद, उमेश प्रसाद, बुद्धेश्वर सिंह, मुखिया ,सुनील कुमार, सोनी, विनोद यादव, राजन सोनी सहित विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

