हरिहरगंज (पलामू)
पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चपरबार मोड़ के समीप मेदिनीनगर -औरंगाबाद फोरलेन सड़क पर सोमवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जाता है कि बाइक सवार युवक छतरपुर की ओर से आ रहे थे, तभी खड़ी हाईवा ट्रक में पीछे से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों की पहचान हरिहरगंज के जहाना गांव निवासी भरत भुईंयां तथा कमलेश भुईंयां के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों के सहयोग से दोनों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए हरिहरगंज सीएचसी पहुंचाया गया जहां दोनों इलाजरत हैं । वहीं चिकित्सकों के अनुसार भरत की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस संबंध में पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि बाइक सवार छतरपुर की ओर से आ रहे थे और खड़े ट्रक में टक्कर से घायल हो गए हैं। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है।

