नवरात्र में पूजा समिति करा रही पानी का छिड़काव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने खुद संभाला ट्रैक्टर का स्टेयरिंग
बारियातू (लातेहार)
बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गाबाड़ी के समीप एनएच-22 की सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर दिन-रात उड़ते धूलकणों से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्र जैसे पावन पर्व पर भी लोगों को धूल से राहत नहीं मिल रही है। पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन सड़क पर उड़ती धूल लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
नवरात्र पूजा उत्सव को देखते हुए सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, बारियातू की ओर से सड़क और पूजा पंडाल के आसपास साफ-सफाई कराई गई है। वहीं, धूलकणों से राहत दिलाने के लिए समिति अपने निजी खर्च से सड़क पर पानी का छिड़काव करा रही है। इसी क्रम में सामाजिक पहल करते हुए कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रीगन कुमार ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर सड़क पर पानी का छिड़काव किया, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को कुछ राहत मिल सके।
पूजा समिति के सदस्यों के अनुसार, धूलकणों से बचाव के लिए अब तक प्रशासन की ओर से नियमित पानी के छिड़काव की व्यवस्था नहीं की गई है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि नवरात्र के दौरान फुलसू मोड़ से हाई स्कूल तक टैंकर के माध्यम से नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, जिससे लोगों को धूल से राहत मिल सके।
गौरतलब है कि नवरात्र के अवसर पर बारियातू के दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। पूजा सामग्री और अन्य सामानों की खरीदारी के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़क पर उड़ते धूलकण श्रद्धालुओं, दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि नवरात्र के दौरान लोगों को धूल से राहत मिल सके।

