बारियातू में 75 वर्षों से हो रही मां दुर्गा की आराधना, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शारदीय नवरात्र शुरू

दुर्गाबाड़ी में ध्वजारोहण व कलश स्थापना, गड़गोमा में निकली भव्य कलश यात्रा

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गाबाड़ी में पिछले 75 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर शारदीय नवरात्र में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। इस वर्ष भी नवरात्र के प्रथम दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई। आचार्य जनार्दन पांडेय एवं अरविंद कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना कराई। इसके बाद दुर्गा सप्तशती के प्रथम दिन का पाठ संपन्न कराया गया।
बारियातू के अलावा गड़गोमा, बालूभांग, फुलसू, डाढ़ा, गोनिया, भाटचतरा, राजगुरु, टोंटी, हेसला और अमरवाड़ी सहित विभिन्न गांवों के दुर्गा मंडपों में भी कलश स्थापना कर शारदीय नवरात्र का पाठ शुरू किया गया। पूजा-अर्चना को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
इधर, प्रखंड के गोनिया पंचायत अंतर्गत गड़गोमा गांव में महालया एवं शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिला परिषद सदस्य रमेश राम एवं पंचायत की मुखिया रानो देवी की उपस्थिति में निकली यात्रा गाजे-बाजे और मां दुर्गा के जयकारों के साथ दुर्गा मंडप परिसर से शुरू होकर स्थानीय खौरा नदी पहुंची। यहां आचार्य हीरामन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं को पवित्र जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर वापस दुर्गा मंडप पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश स्थापित किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य रमेश राम ने कहा कि कलश यात्रा सनातन संस्कृति और नवरात्र पर्व का अभिन्न अंग है। यह आयोजन आपसी भाईचारे, सुख-समृद्धि और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। मां दुर्गा का पावन पर्व सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शांति लेकर आता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए। दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रभारी थाना प्रभारी अनूप कुमार और एएसआई छोटू पांडा पुलिस बल के साथ विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण करते नजर आए।

Leave a Reply