हरिहरगंज (पलामू)
नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-5 सतगावां बांध के समीप सीता प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान तथा सतगावां पहुंच पथ के कोने पर डॉo भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के प्रयास का ग्रामीणों ने विरोध जताया है। रविवार को सतगावां बांध और आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटकर नाराजगी व्यक्त की। समाजसेवी मनीष कुमार सिंह, पिंटू सिंह, पप्पू सिंह, राजेन्द्र सिंह, विनय सिंह, सिकंदर सिंह, श्रीराम सिंह, प्रभु सिंह, अमरेन्द्र सिंह, नीरज सिंह,लखन सिंह, अंकित सिंह सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थल पर पूर्व में चबूतरे पर भगवान शंकर की मूर्ति स्थापित थी । जिसे वर्ष 2006 में तत्कालीन अंचलाधिकारी द्वारा एनएच 98 अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान हटाया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थल पर अंबेडकर की मूर्ति स्थापना के नाम पर भूमि अतिक्रमण के प्रयास को स्थानीय प्रशासन द्वारा रोक लगाई गई थी । वर्तमान में वहां सरकारी मद से निर्मित सार्वजनिक शौचालय है । ग्रामीणों ने कहा कि बाबा साहब श्रद्धा व प्रेरणा के स्त्रोत हैं। उनके प्रतिमा से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है बल्कि समस्या उक्त स्थल से है। इस संबंध में पलामू उपायुक्त, एसडीओ छतरपुर, अंचलाधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी और थाना प्रभारी हरिहरगंज को लिखित आवेदन दिया गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सार्वजनिक रास्ता और सार्वजनिक शौचालय को देखते हुए उक्त स्थल पर प्रतिमा स्थापना पर रोक लगाने तथा बाबा साहेब की प्रतिमा के लिए किसी अन्य पवित्र और सुरक्षित स्थान का चयन प्रशासनिक स्तर पर करने की मांग की है।

