लातेहार- प्लास्टर छत पर पुट्टी, 40 लाख के कंप्यूटर भवन निर्माण पर उठे सवाल

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में डीएमएफटी मद से करीब 40 लाख रुपये की लागत से बन रहे कंप्यूटर भवन के निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आया है। भवन की छत पर प्लास्टर किए बिना ही पुट्टी और रंग-रोगन का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के इस तरीके से भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित सूचना पट नहीं लगाए जाने से भी पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान घटिया ईंट, मिट्टी युक्त बालू तथा निम्न गुणवत्ता की सीमेंट व छड़ के इस्तेमाल की शिकायत पूर्व में भी की गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा और ढलाई का काम भी पूरा कर लिया गया। अब छत पर बिना प्लास्टर किए पुट्टी किए जाने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पूरे निर्माण कार्य की जांच की मांग की है।
बताया जाता है कि निर्माण में अनियमितता को लेकर पूर्व में भी दैनिक जागरण में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राक्कलन के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल और निर्माण कार्य कराया जा रहा है या नहीं, इसकी तकनीकी जांच आवश्यक है।
निर्माण स्थल पर सूचना पट नहीं होने के कारण योजना की स्वीकृत राशि, कार्य एजेंसी, कार्य अवधि समेत अन्य जानकारी भी सार्वजनिक नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने भवन प्रमंडल के वरीय अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
बीडीओ ने कहा, जांच कराई जाएगी: प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार पासवान ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कर संबंधित विभाग को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
जेई ने जांच की बात कही: भवन निर्माण विभाग के जेई सागर खलखो ने बताया कि बिना प्लास्टर किए छत पर पुट्टी किए जाने की जानकारी उन्हें नहीं है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संवेदक ने स्वीकार की गलती: कार्य करा रहे संवेदक आदित्य राज इंटरप्राइजेज के गुंजन कुमार सिंह ने बताया कि गलती से बिना प्लास्टर के पुट्टी कर दी गई है। अब प्लास्टर करा दिया जाएगा।
मजदूरों ने कहा, ठेकेदार के निर्देश पर हुआ काम: निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार के निर्देश पर बिना प्लास्टर किए पुट्टी का काम किया जा रहा था। मजदूरों का कहना है कि वे निर्देश के अनुसार ही काम करते हैं। वहीं ग्रामीणों ने उपायुक्त से भवन निर्माण का जांच कर संवेदक पर कार्रवाई करने का मांग किया है। साथ ही
क्षेत्रीय विधायक प्रकाश राम ने कहा कि यदि बिना प्लास्टर के पुट्टी किया गया है तो संबंधित जेईई व संवेदक पर नियम संगत कार्रवाई किया जाएगा।

Leave a Reply