मेदिनीनगर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राम शर्मा अब झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश होंगे

रांची (झारखंड)

झारखंड हाईकोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने शनिवार, 19 सितंबर को अधिसूचना जारी कर मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया है। तीनों की नियुक्ति न्यायाधीश के रूप में हुई है।केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से नियुक्तियों की जानकारी साझा की। अधिसूचना के अनुसार, संविधान में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए और भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद राष्ट्रपति ने इन न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है।
नियुक्त किए गए मनोज प्रसाद वर्तमान में गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे), अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और श्री राम शर्मा डालटनगंज (पलामू) के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।
इन तीनों नामों पर 10 सितंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम (न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए सर्वोच्च न्यायालय की चयन समिति) की बैठक में मुहर लगी थी। कॉलेजियम ने तीनों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी, जिसके बाद केंद्र सरकार की प्रक्रिया पूरी होने पर राष्ट्रपति की मंजूरी के साथ नियुक्ति अधिसूचना जारी हुई।
झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 25 है। नियुक्तियों से पहले हाईकोर्ट में 13 न्यायाधीश कार्यरत थे और 12 पद रिक्त थे। तीन नई नियुक्तियों के बाद कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी, जबकि रिक्त पदों की संख्या घटकर नौ रह जाएगी।इन नियुक्तियों को झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कमी के बीच महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply