ओजोन दिवस पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश

धनमानी +2 उच्च विद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर कार्यशाला आयोजित

हरिहरगंज ( पलामू )

विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को परियोजना धनमानी +2 उच्च विद्यालय पिपरा बरदाग में विद्यार्थियों के बीच विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, उसके संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला का नेतृत्व शिक्षक भवेश कुमार पाठक ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ओजोन परत को होने वाले नुकसान के कारणों तथा इसके संरक्षण के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विज्ञान शिक्षक अजय कुमार, ब्रह्मदेव यादव एवं संदीप कुमार के साथ अंग्रेजी शिक्षक सत्येन्द्र कुमार शर्मा ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों ने ओजोन दिवस से संबंधित चार्ट, पोस्टर एवं शैक्षणिक सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने ओजोन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं में मिनी कुमारी, कुंदन कुमार, अजीत कुमार, ललन कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानाचार्य रवि यादव ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का निरंतर दायित्व है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक नागरिक बनने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया ।

Leave a Reply