हरिहरगंज (पलामू )
पिपरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई । घटना बुधवार के अपराह्न की है। बारिश के दौरान अचानक हुए वज्रपात के चपेट में आने से मवेशी चरा रहे दलपतपुर गांव निवासी कूलदीप यादव 55 वर्ष की मौत हो गई । बताया जाता है कि वे घर से थोड़ी दूर पर मवेशी चराने गये थे । तभी वे वज्रपात की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गये । स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें हरिहरगंज सीएचसी केंद्र ले जाया गया । जहां मौजूद चिकित्सक डॉo साजिद ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। डॉo साजिद ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई जगहों पर जले के निशान थे । वहीं घटना के बाद स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर मधुबाना गांव में वज्रपात की चपेट में आने से मवेशी चरा रहे सुनील प्रजापति की 35 वर्षीय पत्नी नागमती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई । जिसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जाया गया है ।

