बारियातू (लातेहार)
प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बारीयातु के भैया /बहनों के लिए विद्या विकास समिति झारखंड के योजनानुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षा कार्यक्रम 2026 -27 शुभारंभ मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह परीक्षा 28 सितंबर 2026 दिन सोमवार तक संचालित होगी। परीक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य जीतेन्द्र राम एवं सोनाली दीदी जी के द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती, ओउम् एवं भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। भैया/ बहनों को सबसे पहले रोली चंदन से तिलक लगाकर एवं आरती उतार कर तथा टॉफी देकर स्वागत किया गया। भैया /बहनों के बीच परीक्षा उत्सव के रूप में देखा गया ।प्रधानाचार्य जीतेन्द्र राम ने भैया /बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता मिलती है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा छात्रों को लगातार पढ़ने के लिए प्रेरित करती है। यह परीक्षा केवल अंक लाने का जरिया नहीं है बल्कि यह अंतिम परीक्षा में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए एक बेहतरीन रिवीजन और प्रैक्टिस ग्राउंड की तरह काम करती हैं। यह परीक्षा विद्यार्थी और शिक्षक दोनों के लिए प्रगति का पैमाना होती है। शिक्षा जीवन में परीक्षाओं का विशेष महत्व होता है। किसी भी विद्यार्थी की मेहनत, समझ, आत्मविश्वास और स्मरण शक्ति का मूल्यांकन परीक्षाओं के माध्यम से ही किया जाता है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को लगन एवं ईमानदारी से पढ़ाई करनी चाहिए। परीक्षा का संचालन परीक्षा प्रमुख शशि कुमार सिंह के देखरेख में किया गया।कार्यक्रम में आचार्य के रुप में शशि कुमार सिंह, वीणा देवी, लक्ष्मण राम, खुशबू कुमारी ,सोनाली कुमारी, किरण कुमारी, सपना कुमारी, कृतिका कुमारी, सुमन कुमारी पूनम कुमारी, बिट्टू कुमार सिंह उपस्थित थे।

