लातेहार- कोल डस्ट और धूल से परेशान ग्रामीण, दो दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित फुलसू मोड़ से परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय तक सड़क किनारे रहने वाले ग्रामीण और व्यवसायी इन दिनों उड़ते कोल डस्ट व धूल-कण से परेशान हैं। एनएच-22 रांची-चतरा मुख्य मार्ग पर सड़क की जर्जर स्थिति के कारण भारी वाहनों के आवागमन के दौरान धूल और कोयले का डस्ट पूरे क्षेत्र में फैल रहा है। इससे दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों व स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि फुलसू मोड़ से परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय तक सड़क कई जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। कोयला लदे हाईवा के गुजरने से सड़क पर जमा धूल और कोल डस्ट उड़कर दुकानों व घरों में पहुंच रहा है। दुकानों में सामान के ऊपर काली परत जम जा रही है। सबसे अधिक परेशानी फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यवसायियों को हो रही है। धूल के कारण ग्राहकों को भी काफी परेशानी होती है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों पवन कुमार, सुरेश प्रसाद, अवध प्रसाद, विजय प्रसाद, देवनंदन प्रसाद, अशोक यादव, मदन प्रसाद, सुदीप प्रजापति, अरविंद प्रसाद, किशोर प्रसाद, रीगन कुमार, उमंग कुमार, पवन सोनी मदन सोनी, बजरंग प्रसाद बिजेंद्र प्रसाद, सुभाष पासवान, पंकज कुमार, मो मुस्लिम,मो मिस्टर सहित अन्य ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सांसद और विधायक ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने के लिए कई वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिनों के अंदर कोल डस्ट व धूल से निजात दिलाने की पहल नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत कराने तथा उड़ते कोल डस्ट से निजात दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply