बारियातू (लातेहार)
बारियातू प्रखंड क्षेत्र के शिबला पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेसरा परिसर में विद्यालय भवन निर्माण के लिए संवेदक द्वारा खोदे गए कई गड्ढे पिछले करीब चार माह से खुले पड़े हैं। निर्माण कार्य शुरू नहीं होने और गड्ढों को नहीं भराए जाने से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। विद्यालय परिसर में खुले पड़े गड्ढे किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रित कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीपक यादव ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए संवेदक द्वारा करीब चार माह पूर्व बुनियाद के लिए परिसर में कई जगह गड्ढे खोदे गए थे। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। संवेदक को कई बार सूचना देकर निर्माण कार्य शुरू करने अथवा गड्ढों को भरने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि परिसर में खोदे गए गड्ढे करीब आठ फीट गहरे और सात फीट लंबे हैं। जो पानी से लबालब भरा हुआ है।विद्यालय में वर्ग एक से दस तक के बच्चे पढ़ते हैं। आवागमन और खेलकूद के दौरान बच्चों के इन गड्ढों के पास पहुंचने की आशंका बनी रहती है। बरसात के कारण गड्ढों में पानी जमा होने से खतरा और बढ़ गया है। पानी भरे रहने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच कर संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई करने, निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा तब तक खुले गड्ढों को भरवाने या उनके चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा बनवाने की मांग की है।

