हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज बाजार में चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से 14 मोबाइल फोन, एक सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार (23 वर्ष), पिता रामाश्रय राम, निवासी बेला, थाना टंडवा(बिहार) तथा भोलू कुमार (19 वर्ष), पिता ब्रजेश राम, निवासी खड़गपुर, थाना हरिहरगंज के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएसआई जावेद गश्ती ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पुरानी बस स्टैंड पम्मी लाल चौक स्थित गोल्डेन मोबाइल दुकान में दो युवक चोरी के मोबाइल विक्री करने पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों युवक दुकान में मौजूद मिले। पूछताछ में वे मोबाइल बेचने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपियों के पास से आईटेल कंपनी के 8 कीपैड मोबाइल, लावा कंपनी के 5 कीपैड मोबाइल, एक गोल्ड प्लस कंपनी का मोबाइल, एक सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर समेत अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद सामान के संबंध में दोनों युवक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद सामान जब्त कर लिया। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि कांड संख्या 150/26 बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है । पुलिस अब बरामद मोबाइलों के स्रोत और चोरी से जुड़े होने की जांच कर रही है।

