बारियातू (लातेहार)
बारियातू प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बारियातू (बारीखाप) स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में महिला चिकित्सक नहीं होने के कारण क्षेत्र की महिलाओं को इलाज कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को पूजा देवी, मूर्ति देवी, नीलू सिंह, डोली कुमारी, दीपा कुमारी, शांति देवी, सबिता देवी, खुशबू देवी समेत अन्य महिलाओं ने अपनी समस्या बताई।
महिलाओं ने कहा कि वे विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर बारीखाप आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचती हैं, लेकिन यहां महिला चिकित्सक के नहीं रहने से उन्हें जांच और इलाज कराने में काफी असुविधा होती है। कई बार महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्या पुरुष चिकित्सक के सामने बताने में भी संकोच होता है। इससे उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा मिलने में परेशानी होती है। साथ ही बताया कि यंहा का लैब भि खराब है बालूमाथ जा कर बल्ड टेस्ट करवाना पड़ता है।
महिलाओं ने लातेहार उपायुक्त से बारीखाप आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जल्द से जल्द महिला चिकित्सक की पदस्थापना कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारियातू प्रखंड की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सीमित चिकित्सकीय व्यवस्था पर निर्भर है।
इधर, केंद्र के सेंटर मैनेजर श्रवण कुमार ने बताया कि पूर्व में एक महिला चिकित्सक केंद्र आती थीं, लेकिन बाद में डीसी साहब के द्वारा उन्हें यहां आने से मना कर दिया गया। महिला चिकित्सक की पदस्थापना के लिए विभाग को कई बार पत्राचार किया गया है, लेकिन अब तक कोई सार्थक पहल नहीं हुई है।

