हरिहरगंज – जल यात्रा से लौट रही दूसरी कक्षा की छात्रा को बोलेरो कैंपर ने कुचला
हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह स्थित फोरलेन सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने गुरुवार को दस वर्षीय बच्ची की जिंदगी छीन ली। जल यात्रा से लौट रही पिरोजी गांव निवासी मुकेश राम की दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली पुत्री स्वीटी उर्फ ब्यूटी कुमारी को तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिरोजी गांव से जलयात्रा निकली थी। इसी जलयात्रा में स्वीटी भी शामिल थी। कटैया स्थित बटाने नदी घाट से जलयात्रा से वापस लौटने के दौरान हरिहरगंज से छतरपुर की ओर तेज रफ़्तार में जा रहे बोलेरो कैंपर (बीआर 02 जीडी 6436) ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं घटना में प्रयुक्त वाहन चालक की भी आक्रोशित लोगों द्वारा पिटाई की बात सामने आई है।
- बच्ची की मौत से भड़का आक्रोश, सड़क के दोनों लेन पर लगा जाम
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण फोरलेन पर उतर आए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क के दोनों लेन जाम कर दी। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घटना की सूचना पर अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा तथा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार सदल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। मुआवजे के आश्वासन पर तीन घंटे से लगा सड़क जाम हटाया गया। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस वाहन को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

