मेदिनीनगर (पलामू)
पुलिस ने आपराधिक छवि वाले लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया है. इसी कड़ी में रविवार को पलामू पुलिस ने जेल से बाहर निकले और आपराधिक छवि वाले लोगों की परेड करवाई. इस अभियान की शुरुआत पलामू के चैनपुर थाना से हुई. जहां 117 आरोपियों से परेड करवाई गई. इसमें हत्या के 26, आर्म्स एक्ट के 33, चोरी और लूट के 15-15 आरोपी शामिल थे. चैनपुर थाना में सभी को खड़ा किया गया और उसके बाद उनसे परेड करवाई गई.
आपराधिक छवि वालोंं को एक मंच पर जमा करेगी
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने परेड में शामिल आपराधिक छवि वाले लोगों से मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की है. इस दौरान पलामू एसपी ने सभी आरोपियों से अपराध नहीं करने की भी शपथ ली है. दरअसल पलामू पुलिस ने चैनपुर थाने से इस अभियान की शुरूआत की है और पूरे जिले के सभी थानों में इस अभियान को चलाया जाना है. जरूरत पड़ने पर पलामू पुलिस पूरे जिले के आपराधिक छवि वाले लोगों को एक मंच पर जमा करेगी और पलामू पुलिस लाइन में उनकी परेड करवाई जाएगी.
मुख्यधारा में शामिल नहीं होने वालों पर होगी सख्तीः पलामू पुलिस
पलामू पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दोहरी रणनीति बनाई. पहले चरण में अपराधियों की परेड करवाई जा रही है और उनसे मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की जा रही है. पुलिस मुख्यधारा में शामिल होने वाले लोगों की मदद करने का भी आश्वासन दे रही है. वैसे लोग जो परेड में शामिल हो रहे हैं और बाद में अपराधिक घटना में शामिल होंगे उनके खिलाफ पुलिस सख्त रवैया अपनाएगी.

