विधायक रामचंद्र सिंह ने अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की दी शुभकामनाएं
बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के सरईडीह गांव से 24 श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को रामेश्वरम, कन्याकुमारी और तिरुपति देवस्थानम की पवित्र तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। रवाना होने से पूर्व विदाई समारोह आयोजित कर तीर्थयात्रियों का सम्मान किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह ने सभी तीर्थयात्रियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी मंगलमय, सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि “रामेश्वरम, कन्याकुमारी और तिरुपति देवस्थानम देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर के प्रतीक हैं। ऐसी तीर्थयात्रा से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं मानसिक शांति मिलती है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी तीर्थयात्रियों की यात्रा मंगलमय और सुरक्षित हो। सभी श्रद्धालु तीर्थस्थलों पर हमारे पूरे क्षेत्र के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करें।”तीर्थयात्रियों को जिप सदस्य संतोषी शेखर, मुखिया नीतू देवी, बुद्धेश्वर सिंह तथा शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने भी सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। मौके पर समाजसेवी राजू प्रसाद, मनोज मांझी और समसुल अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।तीर्थयात्रियों के जत्थे में सरईडीह के ग्राम प्रधान रामनाथ साहु, दिलीप प्रसाद, अखिलेश्वर प्रसाद, लवकुश सोनी, मुनीब सोनी, शिव शंकर प्रसाद समेत कुल 24 श्रद्धालु शामिल हैं।श्रद्धालुओं ने यात्रा को लेकर खुशी जाहिर करते हुए इसे धार्मिक और आध्यात्मिक अनुभव बताया।

