बरवाडीह (लातेहार)
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेतला क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बेतला नेशनल पार्क रोड स्थित कुटमू चौक पर राजा मेदिनी राय की प्रतिमा स्थल पर मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां विधायक रामचंद्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने राजा मेदिनी राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत देशभक्तों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। राजा मेदिनी राय की ऐतिहासिक धरती हमारे गौरवशाली अतीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बेतला क्षेत्र को पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में राज्य के मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाना लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी सार्थक होगी, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने क्षेत्र की एकता, अखंडता और खुशहाली के लिए सभी से मिलकर कार्य करने की अपील की।कुटमू चौक पहुंचने पर सीओ लवकेश सिंह और मुखिया मंजू देवी सहित अन्य लोगों ने विधायक का स्वागत किया। मौके पर बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष नसीम अंसारी, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, मुखिया मंजू देवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समारोह के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंजता रहा।
