लातेहार (झारखंड)
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में पूर्ण गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया जायेगा।
इसी क्रम में आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होने वाले झंडोतोलन-राष्ट्रगान एवं परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया।
इस दौरान सार्जेंट मेजर व सार्जेंट द्वारा पूर्वाभ्यास करने वाले प्रतिभागियों का नियमानुसार नेतृत्व किया गया। इस दौरान सभी का उत्साहवर्धन किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त ने मुख्य समारोह स्थल के मैदान को सुसज्जित करने , सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, अग्निशमन एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था , विधि व्यवस्था संधारण एवं अन्य बिंदुओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सभी देशभक्ति से ओत-प्रोत हों शांतिपूर्ण ढंग से इस राष्ट्रीय पर्व को मनाएं। विधि व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक ने परेड समेत अन्य तैयारियों को लेकर सभी प्लाटून को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
विदित हो कि 15 अगस्त को प्रात: 09.05 बजे जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में झंडोतोलन किया जायेगा।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री गौतम कुमार साहू,जिला खेल पदाधिकारी श्री अभिनेष कुमार त्रिपाठी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

