हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज स्थानीय सीता प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं NCC कैडेटों ने गुरुवार को‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा हरिहरगंज देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी पारितोष प्रियदर्शी ने तिरंगा लहराकर किया। रैली में NCC कैडेटों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक मृत्युंजय कुमार सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय प्रसाद राय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए अनुशासन के साथ रैली निकालने की अपील की। रैली का नेतृत्व NCC पदाधिकारी डॉ. ओरेन्द्र कुमार यादव ने किया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर आरसी लाल चौक, केनरा बैंक होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर देशभक्ति का वातावरण बनाया। मौके पर शिक्षक डॉ. नागदेव यादव, डॉ. कन्हैया प्रसाद सिंह, डॉ. ऋषिकेश कुमार, कपिल कुमार, आलोक कुमार, विनय कुमार, ईश्वर प्रसाद, विपुल कुमार तिवारी, अनुप लाल, आशीष पाठक, विपिन तिवारी, विवेक पाठक, राकेश पाठक सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

