मेदिनीनगर (पलामू)
बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर नया निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने के संकेत मिल रहे हैं। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से यह सिस्टम 13 अगस्त के आसपास विकसित हो सकता है। इसके बाद यह गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा से होते हुए आगे बढ़ेगा और 14 अगस्त को ओडिशा, झारखंड तथा उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पहुंच सकता है।
इस मौसम सिस्टम और मध्य भारत में सक्रिय शियर लाइन के संयुक्त प्रभाव से 13 और 14 अगस्त को ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय से जोरदार हो सकता है। 15 अगस्त को बारिश का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है।
इसके बाद मौसम का फोकस पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत पर रहेगा। 16 से 20 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। हिमालय की तलहटी से सटे क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा भी बना रहेगा !

