हरिहरगंज (पलामू )
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन ने बुधवार को विद्युत महाप्रबंधक मेदिनीनगर श्रवण कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा । सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली की कटौती आम हो गई है। वहीं लो -वोल्टेज के कारण इस उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर चलना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से सिंचाई के अभाव में किसानों के खेती किसानी कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इलाके में लचर विद्युत आपूर्ति ने छात्रों – व्यवसायियों सहित आमजनों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने जल्द से जल्द क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने और नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की दिशा में पहल करने की मांग की है। वहीं विद्युत महाप्रबंधक ने भाजयुमो नेता को विद्युत आपूर्ति में सुधार को लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बताते चलें कि हरिहरगंज व पिपरा प्रखंड क्षेत्र में बदहाल बिजली व्यवस्था के खिलाफ भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में बीते 3 अगस्त को ब्लॉक कार्यालय के निकट विद्युत सबस्टेशन पर धरना -प्रदर्शन किया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता सहित किसान, व्यवसायी और ग्रामीण शामिल हुए थे।

