मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू कराटे एसोसिएशन द्वारा जिला स्कूल, मेदिनीनगर में आयोजित दो दिवसीय झारखंड स्टेट कराटे चैंपियनशिप का सफल एवं भव्य समापन नगर आयुक्त श्री रंजीत लाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
चैंपियनशिप का उद्घाटन सदर एसडीएम, मेदिनीनगर श्री संजय पांडे (JAS) एवं डीईओ श्री संदीप कुमार ने एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कांत ओझा, संरक्षक विभाकर नारायण पांडे एवं मवनीत कुमार, उपाध्यक्ष विकास सिंह, सचिव सुमित वर्मन, लातेहार जिला सचिव मदन लाल, लोहरदगा जिला सचिव अमित सिंह, गढ़वा के मनोज सेंसई तथा चाईबासा के मोहन कुमार के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया था।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर आयुक्त श्री रंजीत लाल ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि पलामू में राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का सफल आयोजन जिले के लिए गर्व की बात है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।
पलामू कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कांत ओझा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोचों, रेफरियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
एसोसिएशन के सचिव सुमित वर्मन ने बताया कि प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय मंच उपलब्ध कराना तथा नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पलामू जिला ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। लोहरदगा द्वितीय तथा लातेहार तृतीय स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पलामू कराटे एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विकास सिंह एवं रोहित पांडेय, संरक्षक मवनीत कुमार, विधिक सलाहकार कमलेश कुमार दुबे, सिद्धार्थ, मृत्युंजय कुमार, अनुभव पांडे, राहुल कुमार, सम्यक स्मृतिक, काजल कुमारी, समीर कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, रेफरी, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

