बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने मनिका विधायक एवं विधानसभा के उपसभापति रामचंद्र सिंह से मंगलवार को उनके मंगरा स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग की।
जिप सदस्य ने प्रखंड मुख्यालय में बहुउद्देशीय भवन और डाक बंगला निर्माण की आवश्यकता बताते हुए ठुठाकुसुम से अहिरपुरवा सड़क, गुलजारबाग से मंडल रोड, डोरामी तुरी टोला सड़क तथा केचकी वार्ड संख्या-1 स्थित टावर रोड सहित विभिन्न ग्रामीण सड़कों एवं पुल-पुलियों के निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा बरवाडीह बाजार समेत अन्य प्रमुख बाजारों के सौंदर्यीकरण पर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया।बैठक में बरवाडीह क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संतोषी कुमारी ने धड़धड़ी फॉल, प्राचीन पहाड़ी मंदिर सहित अन्य प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। इस पर विधायक रामचंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़ी सभी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरवाडीह में पर्यटन रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बन सकता है। क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के लिए संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वय से व्यापक योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टाइगर सफारी और प्राचीन पहाड़ी मंदिर के विकास को लेकर भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिससे पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू, विजय बहादुर सिंह, सुजीत गुप्ता, हरीश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

