आश्वासन के बाद चौथे दिन समाप्त हुआ ऑटो चालकों का बेमियादी धरना

हरिहरगंज (पलामू)

नगर पंचायत के सैरात शुल्क में रियायत देने के साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर पिछले चार दिनों से जारी ऑटो चालक संघ हरिहरगंज का बेमियादी धरना-प्रदर्शन रविवार को आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता अंचलाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि ने संघ के प्रतिनिधियों से वार्ता की और उनकी मांगों को उपायुक्त एवं अन्य वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ऑटो चालकों ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की । इस अवसर पर बसपा के पूर्व प्रदेश सचिव प्रमोद कुमार रवि, लोक क्रांति मोर्चा के संस्थापक दिलीप चौधरी मुखिया जितेंद्र पासवान सहित कई लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply